- ख़बरें
- December 21, 2023
- No Comment
- 1 minute read
कश्मीर में आज से 40 दिनों के लिए चिल्लई कलां शुरू, राजस्थान-दिल्ली में कड़कड़ाती ठंडी; तमिलनाडु में बारिश से मची तबाही
कश्मीर घाटी में आज से 40 दिन की चिल्लई कलां शुरू हो रही है, जो 31 जनवरी को खत्म होगा।…
कश्मीर घाटी में आज से 40 दिन की चिल्लई कलां शुरू हो रही है, जो 31 जनवरी को खत्म होगा। हालांकि, चिल्लई कलां शुरू होने से पहले ही कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 डिग्री सेल्सियस था।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। गौरतलब है कि पहलगाम अमरनाथ यात्रा के बेस कैंपों में से एक है। गौरतलब है कि चिल्लई कलां के 40 दिन 31 जनवरी को पूरे हो जायेंगे। उसके बाद 20 दिनों का चिल्लई खुर्द शुरू होगा और उसके बाद 10 दिनों का चिल्लई बच्चा शुरू होगा।
राजस्थान में पड़ रही असहनीय सर्दी
राजस्थान में भी असहनीय सर्दी पड़ रही है। राजस्थान में सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में तापमान 3.5 डिग्री, अलवर में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। दिल्ली में आज एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 270 रहा। ओडिशा के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड किया गया। कंधमाल में जी उदयगिरि में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तमिलनाडु में बारिश से हाहाकार
तमिलनाडु में अभी भी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। बारिश और बाढ़ के कारण दो दिनों में दस लोगों की मौत हो चुकी है। जल सैलाब के कारण विभिन्न जिलों में 20 हजार लोग फंसे हुए हैं। स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना की मदद ली जा रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से 2,000 करोड़ रुपये जारी करने की अपील की।