- अंतरराष्ट्रीय
- June 24, 2023
- No Comment
- 1 minute read
‘H-1B वीजा केवल अमेरिका में रिन्यू होगा, अहमदाबाद में वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा’, पीएम मोदी ने की घोषणा
अमेरिकी दौरे के अपने आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाशिंगटन के रोनाल्ड रीगन सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित…
अमेरिकी दौरे के अपने आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाशिंगटन के रोनाल्ड रीगन सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। इस बीच उन्होंने अपनी चार दिवसीय यात्रा से जुड़ी कई बातें बताईं। पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका ने बेंगलुरु और अहमदाबाद में दो वाणिज्य दूतावास खोलने की घोषणा की है। इससे लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने एच-1बी वीजा से जुड़े मामलों के बारे में बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एच-1बी वीजा का नवीनीकरण सिर्फ अमेरिका में ही होगा। इसके लिए आपको बाहर जाने की जरूरत नहीं है। वीजा नवीनीकरण के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट इस साल शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि नए वीजा नियमों से भारतीयों के लिए अमेरिका में रहना और काम करना आसान हो जाएगा।

2022 में भारतीयों को सबसे ज्यादा H-1B वीजा मिले
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में पायलट प्रोजेक्ट का विस्तार बड़ी संख्या में किया जा सकता है। वित्त वर्ष 2022 में अमेरिका द्वारा जारी किए गए कुल 4,42,000 H-1B वीजा में से 73 प्रतिशत भारतीयों को जारी किए गए थे। दिल्ली में अमेरिकी दूतावास दुनिया के सबसे बड़े अमेरिकी राजनयिक मिशनों में से एक है। अमेरिकी दूतावास चार वाणिज्य दूतावासों (मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद) के साथ वीजा संबंधी कार्यों का समन्वय करता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि अमेरिका-भारत संबंध मजबूत हैं।
पीएम मोदी 4 दिवसीय अमेरिका दौरे पर गए
खास बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी चार दिवसीय अमेरिका दौरे पर गए थे। ये उनका राजनीतिक दौरा था। 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी का व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत किया गया। जो बिडेन और उनकी पत्नी जिल बिडेन ने पीएम मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। व्हाइट हाउस में अपने संबोधन के बाद उन्होंने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया।