- ख़बरें
- June 12, 2023
- No Comment
- 1 minute read
चक्रवात बिपर्जॉय के खतरे के बीच मुंबई के जुहू बीच पर नहाने गए 4 लोग डूबे, 2 को रेस्क्यू किया गया
मुंबई से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई के जुहू बीच पर 6 लोग नहाने गए थे। ये…
मुंबई से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई के जुहू बीच पर 6 लोग नहाने गए थे। ये 6 लोग ऊंची लहरों के चपेट में आने के चलते समुद्र में डूब गए। फिलहाल दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 लोगों की तलाश जारी है। बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक बचाव कार्य जोर-शोर से जारी है।
चक्रवात बिपर्जॉय की वजह से हिंद महासागर में काफी हलचल है। तूफान के कारण महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठ रही हैं। सिस्टम द्वारा बिपर्जॉय तूफान के कारण लोगों को समुद्री तट से दूर रहने का आदेश दिया गया है। इस आदेश की अवहेलना कर अनेक लोग समुद्र में उतर जाते हैं, जिस कारण इस तरह की अशुभ खबरें सामने आती है। घटना सोमवार शाम 5.28 बजे की है। स्थानीय लोगों ने 2 लोगों को बचा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। 4 लोगों की अभी तलाश जारी है।
गुजरात पर बिपर्जॉय संकट
अधिकारियों ने कहा कि कच्छ, जामनगर, मोरबी, गिर सोमनाथ, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिले 13-15 जून के दौरान भारी बारिश और बहुत तेज हवा की गति के साथ चक्रवाती तूफान से प्रभावित होने की आशंका है, जो 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चक्रवात बिपर्जॉय के गुरुवार को गुजरात और पाकिस्तान के तटों से टकराने की आशंका है।