- अंतरराष्ट्रीय
- June 21, 2023
- No Comment
- 1 minute read
होंडुरास महिला जेल में गैंगवार, 26 जिंदा जलाए गए, 41 कैदियों की मौत
मध्य अमेरिकी देश होंडुरास की एक महिला जेल में गैंगवार में कम से कम 41 कैदियों की मौत हो गई…
मध्य अमेरिकी देश होंडुरास की एक महिला जेल में गैंगवार में कम से कम 41 कैदियों की मौत हो गई है। इनमें से अधिकांश महिला कैदियों को जला दिया गया। इसके अलावा कुछ को गोली भी लगी है। गैंगवार में दर्जनों कैदी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। यह घटना होंडुरास की राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर एक जेल में हुई।
फोरेंसिक टीम ने 41 लोगों की मौत की पुष्टि की
होंडुरास की राष्ट्रीय पुलिस जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता यूरी मोरा ने कहा कि गैंगवार में 26 कैदी झुलस गए, जबकि कुछ की गोली लगने और छुरा लगने से मौत हो गई। सात बंदियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोरा ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीमों ने 41 लोगों के मरने की पुष्टि की है।
इस घटना के बाद जेल के अंदर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई पिस्टल, चाकू और अन्य धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। इन हथियारों के मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया है। जेल के अंदर मिले इन हथियारों से पता चलता है कि हिंसा अचानक नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित थी।
अधिकारियों को हिंसा की योजना की जानकारी थी
सुरक्षा अधिकारियों को जेल के अंदर हिंसा की योजना के बारे में पूरी जानकारी थी। होंडुरास के राष्ट्रपति शियोमारा कास्त्रो ने कहा कि वहां के सुरक्षा अधिकारियों को जेल के अंदर सुनियोजित हिंसा के बारे में पूरी जानकारी थी। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की भी बात कही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैदियों के एक समूह ने कथित तौर पर एक सेल में घुसकर वहां रहने वाले अन्य कैदियों पर गोलियां चलाईं और उसमें आग लगा दी।
हिंसा में जान गंवाने वाली महिला कैदियों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। कई महिला कैदी जो हिंसा की शिकार थीं, उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न मामलों में कैद किया गया था, जबकि कुछ सजायाफ्ता कैदियों की मौत के मामले सामने आए हैं।